कोरबा। कटघोरा वनमंडल के केंदई रेंज के मदनपुर सर्किल में घूम रहे एकाकी हाथी ने बीती रात किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुँचाया। करीब 20 किसानों की फसलें चौपट होने की खबर है, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया है। वन विभाग की ओर से समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम न उठाए जाने को लेकर लोगों की नाराजगी बढ़ती जा रही है।
खबरों के मुताबिक, पसान रेंज के सेमरहा सर्किल में अभी भी 54 हाथी मौजूद हैं, जिन्हें सेमरहा और हरदेवा के बीच जंगलों में देखा गया। हाथियों का यह उत्पात क्षेत्र में लगातार जारी है, जिससे फसलें रौंदी जा रही हैं और ग्रामीण दहशत में जी रहे हैं। वन विभाग को उत्पात रोकने में बार-बार नाकामी मिल रही है।
इस महीने कटघोरा और कोरबा वनमंडल में हाथी उत्पात की कई घटनाएँ दर्ज की गई हैं, जिनमें लोगों की संपत्ति को नुकसान पहुँचा। दो दिन पहले ही करतला रेंज के अंतर्गत हाथी के हमले में बलरामपुर जिले के सेंदुर, तातापानी निवासी निर्मल नामक व्यक्ति की मौत हो गई, जिस पर पुलिस ने मर्ग कायम किया है।
कोरबा जिले में हाथी उत्पात की समस्या को दो दशक से अधिक हो चुका है। इसके नाम पर हर साल करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन समाधान नजर नहीं आ रहा।
अब मानव-हाथी द्वंद्व रोकने के लिए वन विभाग औपचारिक कोशिशों में जुटा है, लेकिन जानकारों का मानना है कि इससे कोई खास फायदा नहीं होगा। ग्रामीणों ने विभाग से तत्काल प्रभावी उपायों की मांग की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















