कोरबा। जिले के रवि शंकर शुक्ल नगर में किराये पर रहने वाले युवक देवेश सिंह पर 48 घंटे के भीतर दूसरी बार हमला होने से सनसनी फैल गई है। 10 अक्टूबर को घर में घुसे दो अज्ञात लोगों ने ब्लेड से हमला कर नगदी और जेवरात लूट लिए थे। आज सुबह फिर 7-8 हमलावरों ने देवेश को रास्ते से उठाकर मारपीट की और चाकू से हमला किया। हमलावरों ने रिपोर्ट वापस न लेने पर देवेश के भाई और मां को मारने की धमकी दी।
जानकारी के अनुसार, देवेश सिंह रोजाना की तरह सुबह 9-10 बजे राठौर स्ट्रीट स्थित कॉलोनी के मंदिर में दर्शन करने गया था। मंदिर के पास वाली गली में एक चारपहिया वाहन से आए 7-8 लोगों ने उसे अगवा कर गाड़ी में बिठाया और थोड़ी दूर ले जाकर बेरहमी से मारपीट की। इस दौरान कथित तौर पर चाकू से भी हमला किया गया। हमलावर दबाव बना रहे थे कि 10 अक्टूबर की घटना की पुलिस रिपोर्ट वापस ले, वरना उसके भाई और मां को जान से मार देंगे।
हमले के दौरान कचरा बीनने वाली कुछ महिलाओं के पहुंचने पर हमलावर देवेश को छोड़कर भाग निकले। आसपास के लोगों ने उसे पहचानकर परिजनों को सूचना दी और जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
पहली घटना 10 अक्टूबर को हुई थी, जब देवेश के भाई सौरभ सिंह अपनी मां का इलाज कराने रायपुर गए थे। उस दिन दो अज्ञात लोग किराए का मकान देखने के बहाने घर में घुसे और देवेश पर ब्लेड से हमला कर 4,000 रुपये नगद, सोने का कंगन, कान की बाली और चांदी का गिलास लूट ले गए। सौरभ सिंह की शिकायत पर पुलिस ने दो अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 3(5), 309(6), 333-BNS के तहत मामला दर्ज किया था।
दोनों घटनाओं में आरोपी अभी फरार हैं। लगातार हमलों से परिजन और स्थानीय लोग भयभीत हैं, साथ ही पुलिस की निष्क्रियता पर नाराजगी जता रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

