बलरामपुर कोल माइंस में चोरी की अनोखी घटना: 6 चोर सुरंग में 24 घंटे फंसे, सुरक्षा अधिकारी पर कुल्हाड़ी से हमला

सूरजपुर । जिले के बलरामपुर में साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) की अंडरग्राउंड कोल माइंस में चोरी का एक अनोखा मामला सामने आया है। चोरी की नीयत से घुसे 6 चोर माइंस की सुरंग में 24 घंटे तक फंस गए। सुरक्षा कर्मियों ने सूचना मिलते ही माइंस के प्रवेश द्वार को जाली लगाकर बंद कर दिया, जिससे चोर बाहर नहीं निकल पाए।

चोरों ने जाली के नीचे से भागने की कोशिश की, लेकिन असफल रहे। 24 घंटे बाद जब सुरक्षा टीम और त्रिपुरा राइफल के जवान अंदर पहुंचे, तो चोरों ने अंधेरे का फायदा उठाकर भागने की कोशिश की। इस दौरान एक चोर ने सुरक्षा अधिकारी पर कुल्हाड़ी से हमला किया, लेकिन वह बाल-बाल बच गए। जवानों ने सभी चोरों को घेरकर पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया।

पकड़े गए चोरों के पास से कटिंग केबल, औजार और हथियार बरामद हुए, जिनकी कीमत लाखों में बताई जा रही है। एक चोर बाहर लाने के बाद भी भागने की कोशिश कर रहा था, जिसे जवानों ने तुरंत दबोच लिया।

SECL अधिकारियों ने बताया कि अंडरग्राउंड माइंस में चोरों का इस तरह फंसना पहली घटना है। इसे रोकने के लिए अब रात में गश्त और निगरानी बढ़ाई जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।