हाथियों के झुंड ने मनोरोगी को कुचला, ग्रामीणों में दहशत

कोरबा।कोरबा जिले के करतला परिक्षेत्र में बुधवार रात एक दुखद घटना में हाथियों के झुंड ने एक मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति को कुचलकर मार डाला। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

करतला और रामपुर के बीच जंगलों में लगभग 50 हाथियों का दल घूम रहा है, जिससे आसपास के गांवों में डर का माहौल है। फसलों को बचाने के लिए ग्रामीण रातभर जागकर पहरा दे रहे हैं। वन विभाग ने हाथियों पर नजर रखने के लिए गश्त बढ़ा दी है।

वहीं, करतला क्षेत्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें हाथियों का झुंड गांव के नजदीक से गुजरता दिखाई दे रहा है। वीडियो में कुछ ग्रामीणों द्वारा हाथियों पर पथराव करने के बाद गुस्साए हाथी ग्रामीणों को दौड़ाते नजर आए। सौभाग्य से, इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।

ग्रामीणों का कहना है कि हाथी रात के समय अक्सर खेतों और गांवों की ओर आते हैं, जिससे फसलों और जान-माल को लगातार खतरा बना रहता है। वन विभाग ने ग्रामीणों से सावधानी बरतने और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी है।