जिला जेल कोरबा में ब्रह्माकुमारी बहनों ने सिखाया तनावमुक्त जीवन का राजयोग; गीत ने भरा मन आनंद से

कोरबा। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की ओर से जिला जेल कोरबा में एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें ब्रह्माकुमारी विद्या बहन ने सद्गुणों से जीवन को संवारने का ईश्वरीय मंत्र साझा किया।

इस सत्र में बंदियों और स्टाफ को तनावमुक्त जीवन जीने के व्यावहारिक तरीके बताए गए, जो राजयोग ध्यान पर आधारित थे।

कार्यक्रम की शुरुआत में आदित्य कुमार शर्मा ने एक हृदयस्पर्शी गीत की प्रस्तुति दी, जिसने उपस्थित सभी के मन को आनंद और शांति से भर दिया। इस अवसर पर जेल अधीक्षक अमितेश साहू ने ब्रह्माकुमारी भाई-बहनों के इस नेक प्रयास की सराहना की और उनका आभार व्यक्त किया।

समापन पर बीके विद्या बहन ने अधीक्षक को ईश्वरीय सौगात और प्रसाद भेंट कर धन्यवाद ज्ञापित किया। यह कार्यक्रम न केवल जेल के अंदर शांति का संदेश पहुंचाया, बल्कि सभी को दैनिक जीवन में सकारात्मक ऊर्जा अपनाने की प्रेरणा प्रदान की। ब्रह्माकुमारी संस्था ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के हर वर्ग को आध्यात्मिक ऊर्जा से जोड़ने का कार्य कर रही है।