छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस के पहिए में फंसा एंगल, लोको पायलट की सतर्कता से बचा बड़ा हादसा

कोरबा।कोरबा से अमृतसर जा रही छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस गुरुवार सुबह मड़वारानी स्टेशन के पास एक बड़े हादसे से बच गई। ट्रेन के पहिए में एक लोहे का एंगल फंस गया, जिससे दुर्घटना की स्थिति बन गई थी। लोको पायलट की त्वरित सूझबूझ और समय पर ट्रेन रोकने से बड़ा खतरा टल गया।

सुबह 11:40 बजे कोरबा स्टेशन से रवाना हुई अमृतसर एक्सप्रेस ने लगभग 20 किलोमीटर का सफर तय किया था, जब मड़वारानी स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर पड़ा एक एंगल इसके पहिए में फंस गया। यह एंगल एल आकार में दोनों पहियों के नीचे अटक गया था। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। गैस कटर की मदद से कड़ी मेहनत के बाद एंगल को निकाला गया, जिसके बाद ट्रेन को सुरक्षित रवाना किया गया।

प्रारंभिक जांच में पता चला कि मड़वारानी स्टेशन पर चल रहे फुट ओवरब्रिज निर्माण कार्य के दौरान ट्रैक के किनारे रखा गया एंगल लापरवाही के कारण पहिए में फंस गया।

कोरबा एआरएम उत्कर्ष गौरव ने बताया कि समस्या को तत्काल ठीक कर लिया गया और घटना की विस्तृत रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी गई है। निर्माण कार्य में लगे कर्मचारियों की लापरवाही इस घटना का कारण मानी जा रही है, जिसकी जांच की जाएगी।

लोको पायलट की सतर्कता ने न केवल यात्रियों की जान बचाई, बल्कि रेलवे को एक बड़े नुकसान से भी बचा लिया।