पुलिसकर्मी से मारपीट मामले में एक गिरफ्तार, तीन आरोपी अब भी फरार

कोरबा।कोरबा के सिविल लाइन आईटीआई चौक पर तीन महीने पहले पुलिसकर्मी संजय लहरे के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी दिव्य साहू को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य आरोपी अभी फरार हैं।

मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने दिव्य साहू को पोड़ी बहार में उसके दोस्त के घर से पकड़ा। पूछताछ में पता चला कि वह अकलतरा की एक निजी कंपनी में काम कर रहा था और हाल ही में पोड़ी बहार आया था।

पुलिस के अनुसार, दिव्य साहू के खिलाफ विभिन्न थानों और चौकियों में बलवा व मारपीट सहित आठ मामले पहले से दर्ज हैं। घटना की वजह सड़क किनारे कपड़े बेचने वाले एक युवक और बालको निवासी एक व्यक्ति के बीच हुआ विवाद था। इस दौरान बालको चेक पोस्ट से दिव्य साहू और चार अन्य युवकों को बुलाया गया, जिन्होंने पुलिसकर्मी संजय लहरे के साथ मारपीट की और लोहे का चापड़ लहराया।

घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे। पुलिसकर्मी संजय लहरे की शिकायत पर सिविल लाइन थाने में मामला दर्ज किया गया था।

कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि फरार चल रहे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। सिविल लाइन टीआई प्रमोद डनसेना ने कहा कि शेष तीन फरार आरोपियों की तलाश जारी है।