अंबिकापुर बाइपास और जटगा तिराहे पर प्रतिमा स्थापना, मुख्यमंत्री आज करेंगे अनावरण और भूमिपूजन

कोरबा।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गुरुवार को कटघोरा के संक्षिप्त दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे अंबिकापुर बाइपास पर कंवर समाज के कार्यक्रम में सीताराम कंवर की प्रतिमा का अनावरण करेंगे और जटगा तिराहे पर भगवान सहस्त्रबाहु की प्रतिमा स्थापना के लिए भूमिपूजन करेंगे। यह कार्यक्रम आनन-फानन में तय किया गया है, जिसके लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं।

कंवर समाज और जायसवाल समाज के बीच प्रतिमा स्थापना और जमीन को लेकर उत्पन्न विवाद को सुलझाने के लिए प्रशासन ने त्वरित कदम उठाए। 7 अक्टूबर को एक निर्माण कार्य को रोककर चकचकवा पहाड़ी तिराहे को सीताराम कंवर की प्रतिमा के लिए निर्धारित किया गया, जबकि जायसवाल समाज की मांग पर जटगा तिराहे पर भगवान सहस्त्रबाहु की प्रतिमा स्थापित होगी।

कलेक्टर अजीत वसंत ने बताया कि मुख्यमंत्री के दौरे की तैयारियों के लिए बुधवार को अपर कलेक्टर, एसडीएम कटघोरा तन्मय खन्ना, एसडीएम पोड़ी-उपरोड़ा टीआर भारद्वाज, तहसीलदार और टीआई धर्मनारायण तिवारी ने स्थल का निरीक्षण किया और समन्वय स्थापित किया। कार्यक्रम को सुचारू रूप से संपन्न करने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है।