गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में सात दिवसीय एक्यूप्रेशर चिकित्सा शिविर: पहले दिन 125 लोगों ने लिया लाभ

कोरबा। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा कोरबा द्वारा सात दिवसीय एक्यूप्रेशर चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें पहले दिन 125 लोगों ने पंजीयन कराकर इस दवा-मुक्त चिकित्सा का लाभ उठाया। लोगों ने अपनी स्वास्थ्य समस्याओं को साझा कर विशेषज्ञ चिकित्सकों से उपचार प्राप्त किया।

विशेषज्ञ डॉ. गोवर्धन चौधरी, डॉ. भोमराज चौधरी और डॉ. कृष्ण चौधरी ने बताया कि शिविर में प्रथम पंजीयन के लिए मात्र 100 रुपये शुल्क लिया गया है, जबकि शेष छह दिनों में कोई शुल्क नहीं लगेगा। एक्यूप्रेशर, वाइब्रेशन, सुजोक और नेचुरल चिकित्सा पद्धति से उपचार किया जा रहा है।

इस चिकित्सा से साइटिका, शुगर, बीपी, मानसिक तनाव, घुटनों का दर्द, मोटापा, गैस, कब्ज, सर्वाइकल दर्द, कमर दर्द, जोड़ों का दर्द, पुराना सिरदर्द, आंख-कान-नाक की समस्याएं, वैरिकोज वेन्स, लकवा, मस्सा, बवासीर, डिप्रेशन तथा हाथ-पैरों में झुनझुनी जैसी कई बीमारियों का इलाज संभव है।

लोगों में एक्यूप्रेशर चिकित्सा पर भरोसा बढ़ा है, क्योंकि विशेषज्ञ रोग की पहचान कर इलाज कर रहे हैं। साथ ही, शरीर के खास बिंदुओं पर दबाव और छोटे उपकरणों की मदद से यह दवा-मुक्त पद्धति का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, जिससे लोग घर पर स्वयं इलाज कर सकें। गुरुद्वारा की महिला मंडल, महिला समिति और सभी सदस्यों ने शिविर आयोजन में सक्रिय सहयोग दिया है।

गुरुद्वारा प्रबंधक ने बताया कि शिविर के माध्यम से लोगों को बीमारी से राहत के अलावा स्वास्थ्य को पूंजी बनाए रखने का संदेश दिया जा रहा है। स्वास्थ्य जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है, इसे बनाए रखने के लिए जीवनशैली में सुधार आवश्यक है। दवाइयों के साइड इफेक्ट से बचने के लिए छोटे उपकरणों से फिटनेस बनाए रखी जा सकती है। संतुलित खान-पान और समयबद्धता पर विशेष जोर दिया गया है।

कोरबा सिख समाज के अध्यक्ष ने कहा कि नगर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शिविर का लाभ उठा रहे हैं। यह शिविर 7 अक्टूबर से 13 अक्टूबर 2025 तक चलेगा। समय: सुबह 8:30 से 12:30 बजे तथा शाम 4:00 से 8:00 बजे तक। यह शिविर सभी समाजों के लिए खुला है, सभी नगरवासी इसका लाभ अवश्य लें।