पठियापाली स्कूल में युक्तियुक्तकरण से आई शिक्षा क्रांति,नई शिक्षिका ने जगाई सीखने की ललक

कोरबा। कोरबा जिले के करतला विकासखंड के ग्राम पठियापाली की पूर्व माध्यमिक शाला में छत्तीसगढ़ शासन की युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया ने शिक्षा के क्षेत्र में नया मुकाम हासिल किया है। पहले तीन शिक्षकों के भरोसे चलने वाले इस स्कूल में 107 बच्चों को पढ़ाना चुनौतीपूर्ण था, लेकिन नई शिक्षिका श्रीमती सविता यदु की नियुक्ति ने स्कूल का कायाकल्प कर दिया। 

हिंदी और सामाजिक विज्ञान की शिक्षिका श्रीमती सविता अपनी रचनात्मक शिक्षण शैली से बच्चों में नई ऊर्जा भर रही हैं। कक्षा 6वीं के छात्र हिमांशु ने उत्साह से कहा, “मैडम की पढ़ाई से सब आसान और मजेदार लगता है।” छात्रा परिधि ने भी बताया कि कहानियों और खेलों के जरिए पढ़ाई अब ज्यादा रोचक हो गई है। 

इस बदलाव से स्कूल का माहौल जीवंत हुआ, बच्चों की उपस्थिति बढ़ी, और अभिभावकों का भरोसा भी स्कूल पर बढ़ा है। पठियापाली की यह शाला युक्तियुक्तकरण की सफलता का प्रतीक बन गई है, जो दर्शाती है कि समर्पित शिक्षकों और सही संसाधनों से ग्रामीण क्षेत्रों में भी शिक्षा का स्तर ऊँचा उठ सकता है।