कोरबा। रामपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास की नई लहर चल पड़ी है। स्थानीय विधायक फूल सिंह राठिया के अथक परिश्रम और लगातार प्रयासों का नतीजा है कि जिला खनिज क्षेत्र विकास प्राधिकरण (DMF) से कुल 186 करोड़ 90 लाख रुपये से अधिक की राशि वाले 640 विकास कार्यों को हरी झंडी मिल गई है। इनमें से एक प्रमुख परियोजना चिर्रा-श्यांग मार्ग का भूमि पूजन आज विधायक राठिया की उपस्थिति में संपन्न हुआ, जिससे क्षेत्र के 30 से अधिक गाँवों के ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई।


ग्रामीणों का कहना है कि पिछले 50 वर्षों में जो सपने अधूरे थे, वे आज विधायक राठिया के कार्यकाल में साकार हो रहे हैं। चिर्रा-श्यांग मार्ग के निर्माण से इन गाँवों को बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा, जिससे व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुँच आसान हो जाएगी। भूमि पूजन के अवसर पर सैकड़ों ग्रामीणों ने विधायक का स्वागत किया और विकास कार्यों की सराहना की। एक बुजुर्ग ग्रामीण ने कहा, “यह मार्ग हमारी पीढ़ियों की मांग था, आज यह संभव हुआ तो आँखें नम हो गईं।”
DMF से स्वीकृत इन 640 कार्यों में शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढाँचा और ग्रामीण विकास से जुड़ी तमाम योजनाएँ शामिल हैं। इनकी प्रमुख झलक इस प्रकार है:
शिक्षा क्षेत्र: 60 नवीन प्राथमिक शाला भवनों का निर्माण (लागत: 9 करोड़ 16 लाख 18 हजार रुपये), 11 हायर सेकेंडरी स्कूल भवनों का निर्माण (6 करोड़ 40 लाख रुपये), 14 प्री-मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास (10 करोड़ 2 लाख 27 हजार 670 रुपये), 33 स्कूलों में अहाता निर्माण (3 करोड़ 9 लाख 32 हजार रुपये), 8 शिक्षक रेसिडेंशियल हॉस्टल (3 करोड़ 33 लाख 52 हजार रुपये), 15 आत्मानंद विद्यालयों में नवीन भवन (6 करोड़ 73 लाख 44 हजार रुपये)।
स्वास्थ्य क्षेत्र: 13 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आवासीय भवन (6 करोड़ 39 लाख 32 हजार रुपये), 27 स्वास्थ्य केंद्रों में नवीन भवन, आवासीय भवन एवं अहाता (7 करोड़ 18 लाख 18 हजार रुपये), 5 शासकीय पशु औषधालयों में नवीन भवन (71 लाख 35 हजार रुपये)।
ग्रामीण विकास: 19 नवीन पंचायत भवनों का निर्माण (3 करोड़ 80 लाख रुपये), 55 PDS गोदाम एवं दुकानें (7 करोड़ 11 लाख 69 हजार रुपये), 134 आँगनबाड़ी केंद्र भवन (15 करोड़ 67 लाख 72 हजार रुपये), 14 धान चबूतरा (2 करोड़ 8 लाख 44 हजार रुपये), 80 सीसी रोड निर्माण (8 करोड़ 13 लाख 49 हजार रुपये), 16 प्रार्थना शेड (1 करोड़ 37 लाख 40 हजार रुपये)।
अन्य कार्य: अतिरिक्त कक्ष, शौचालय निर्माण, शौचालय निर्माण और 47 अन्य परियोजनाएँ (कुल 5 करोड़ 59 लाख 90 हजार रुपये)।
ये कार्य न केवल क्षेत्र के आर्थिक उत्थान को गति देंगे, बल्कि ग्रामीणों के जीवन स्तर को भी ऊँचा उठाएँगे। विधायक फूल सिंह राठिया ने भूमि पूजन के बाद कहा, “यह विकास केवल आँकड़ों का खेल नहीं, बल्कि हमारे गाँव-गाँव के लोगों के सपनों को पंख देने का माध्यम है। हम प्रतिबद्ध हैं कि हर स्वीकृत योजना समयबद्ध तरीके से पूरी हो।”
स्थानीय निवासियों में इस उपलब्धि को लेकर जबरदस्त उत्साह है। कई ग्रामीणों ने कहा कि विधायक राठिया ने जो वादा किया, उसे निभाया है, और अब क्षेत्र में नई ऊर्जा का संचार हो गया है। आने वाले दिनों में इन परियोजनाओं से रामपुर विधानसभा क्षेत्र पूरे राज्य के मानचित्र पर एक मॉडल क्षेत्र के रूप में उभरेगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

