लालपुर में PM आवास घोटाला: शासकीय कर्मी और पत्नी को लाभ, राज ट्रेडर्स के नाम भुगतान का आरोप

कोरबा।जिले के पोड़ी-उपरोड़ा तहसील की ग्राम पंचायत लालपुर में पूर्व सरपंच श्रीमती संतोषी नेटी, वर्तमान सरपंच धनेश्वर सिंह ओरकेरा, सचिव मोहम्मद हसन और जियोटेक इंजीनियर पर लाखों रुपये के भ्रष्टाचार का गंभीर आरोप लगा है।

कलेक्टर को सौंपे शिकायती आवेदन में 2019-2025 तक के कार्यों की जांच और भौतिक सत्यापन की मांग की गई है।

आरोप है कि पूर्व सरपंच संतोषी नेटी ने सिंचाई विभाग की सीसी रोड को जियोटेक बताकर लाखों रुपये का आहरण किया। बोर निर्माण के नाम पर बिना लागत के फर्जी भुगतान हुसैन पान-मसाला और किराना मर्चेंट को किया गया। मंच निर्माण में भी लाखों रुपये के घोटाले का दावा किया गया है।

वर्तमान सरपंच धनेश्वर सिंह, जो पूर्व सरपंच के पति हैं, ने अपने निजी खाते में लाखों रुपये जमा कराए, जिसके दस्तावेज आवेदन के साथ संलग्न हैं।

प्रधानमंत्री आवास योजना में गैर-पात्र शासकीय कर्मचारी गौतम सारथी और उनकी पत्नी पुष्पा सारथी को आवास आवंटित करने का आरोप है, जो निर्माणाधीन है। मनरेगा के तहत मजदूरों का मानदेय भी धनेश्वर सिंह और गौतम सारथी के खातों में डालकर भ्रष्टाचार किया गया। घोटाले की रकम राज ट्रेडर्स के नाम पर भुगतान की गई।

आवेदक ने कलेक्टर से मांग की है कि लालपुर और माचाडोली में 2019-2025 के सभी कार्यों की जांच के लिए जिला स्तरीय टीम गठित की जाए और उनकी उपस्थिति में भौतिक सत्यापन किया जाए।