कोरबा में पीवीटीजी आवासों में सोलर पैनल और ई-ऑफिस लागू करने के निर्देश, कलेक्टर ने की TL बैठक में समीक्षा

कोरबा। कलेक्टर अजीत वसंत की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय सीमा (TL) बैठक में विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण, ई-ऑफिस कार्यप्रणाली लागू करने और पीवीटीजी आवासों में पीएम सूर्यघर योजना के तहत सोलर पैनल लगाने जैसे महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

कलेक्टर ने सभी विभागों को ई-ऑफिस के माध्यम से फाइलें आगे बढ़ाने और ब्लॉक स्तर के कार्यालयों (बीईओ, बीएमओ, जनपद) में ई-ऑफिस प्रणाली शीघ्र सक्रिय करने के निर्देश दिए।

तकनीकी त्रुटियों के समाधान के लिए एनआईसी के माध्यम से कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने की बात कही। बंद हो चुकी शासकीय योजनाओं के बैंक खातों को बंद कर बचत राशि शासन के खाते में जमा करने का आदेश भी दिया गया।

आत्मानंद विद्यालयों में अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति पूर्ण पारदर्शिता के साथ शीघ्र करने और युक्तियुक्तकरण के बाद नियुक्ति न देने वाले शिक्षकों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।

पीवीटीजी बाहुल्य क्षेत्रों में पीएम सूर्यघर योजना के तहत सोलर पैनल लगाने के लिए विद्युत विभाग को कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही, नए छात्रावासों के निर्माण प्रस्ताव तैयार करने के लिए आदिम जाति विकास विभाग को निर्देशित किया।

कलेक्टर ने आयुष्मान और वयवंदन कार्ड निर्माण के लिए डोर-टू-डोर अभियान चलाने, रेडक्रॉस को ब्लड डोनेशन वाहन उपलब्ध कराने, आयुष विभाग में ओपीडी व आईपीडी सेवाएं शुरू करने, सड़क दुर्घटना और आरबीसी 6-4 प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के भी निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री जनदर्शन, पीजीएन पोर्टल और अन्य शिकायत पोर्टलों पर लंबित प्रकरणों को जांच कर जल्द हल करने के आदेश दिए गए।

बैठक में अनुविभागीय अधिकारी कटघोरा तन्मय खन्ना, निगमायुक्त आशुतोष पांडेय, जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, वनमंडलाधिकारी प्रेमलता यादव, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।