‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता 31 अगस्त को,कोरबा शाखा ने बनाया राष्ट्रीय कीर्तिमान

200 से अधिक स्कूलों के विद्यार्थी होंगे शामिल, करीब 2500 पुस्तकें वितरित

कोरबा। भारत विकास परिषद के दिल्ली स्थित राष्ट्रीय मुख्यालय द्वारा ‘भारत को जानो’ अखिल भारतीय लिखित परीक्षा का आयोजन 31 अगस्त को किया जाएगा। पहली बार यह परीक्षा देशभर में एक साथ आयोजित होने जा रही है। प्रतियोगिता को लेकर कोरबा शाखा ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं और अधिक से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित कर राष्ट्रीय स्तर पर नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

भारत विकास परिषद के राष्ट्रीय मुख्यालय के निर्देशानुसार परीक्षा 31 अगस्त को सुबह 11 बजे शुरू होगी। परीक्षार्थियों को 45 मिनट में 50 वस्तुनिष्ठ प्रश्नों के उत्तर देने होंगे।

200 से अधिक स्कूलों में किया संपर्क
इस वर्ष कोरबा शाखा ने प्रतियोगिता को लेकर बड़े स्तर पर अभियान चलाया। राष्ट्रीय गतिविधि सदस्य (संस्कार) धर्मेंद्र कुमार कुदेसिया के नेतृत्व में, क्षेत्रीय संयोजक सेवा महेश गुप्ता एवं कोरबा शाखा संस्कार संयोजक विष्णु शंकर मिश्रा के अथक प्रयासों से जिले के 200 से अधिक विद्यालयों से संपर्क किया गया। इन विद्यालयों के बड़ी संख्या में विद्यार्थी प्रतियोगिता में शामिल होंगे।

प्रतियोगिता के लिए कोरबा शाखा द्वारा इस वर्ष लगभग 2500 ‘भारत को जानो’ पुस्तकें विद्यार्थियों के बीच वितरित की गई हैं। प्रतियोगिता इन्हीं पुस्तकों में दी गई विषय-वस्तु पर आधारित होगी।

देश के इतिहास और संस्कृति से जोड़ना उद्देश्य
भारत विकास परिषद द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारत के गौरवशाली इतिहास, महान एवं प्रसिद्ध व्यक्तित्वों, धर्म, संस्कृति और देश की विविध विरासत से परिचित कराना है। प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों में देश के प्रति गौरव, संस्कार और राष्ट्रीय चेतना विकसित करने का प्रयास किया जाता है।

कोरबा शाखा अध्यक्ष कमलेश यादव ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी पदाधिकारियों, विद्यालयों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने विद्यार्थियों से उत्साहपूर्वक प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की।