कोरबा-बालको मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, चार युवक गंभीर

चेक पोस्ट के पास हुआ भीषण हादसा, दोनों बाइक क्षतिग्रस्त; जिला मेडिकल कॉलेज में चल रहा इलाज

कोरबा। कोरबा-बालको मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को चेक पोस्ट के समीप तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार एक बाइक पर तीन युवक सवार थे, जबकि दूसरी बाइक पर एक युवक था। बताया जा रहा है कि तीनों युवक बालको स्थित अमर होटल के कर्मचारी हैं और काम खत्म करने के बाद बाइक से लौट रहे थे। इसी दौरान चेक पोस्ट के पास सामने से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई।

सड़क पर गिरकर घायल हुए चारों युवक
टक्कर के बाद चारों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा देखकर आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल बालको पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य की जानकारी ली।

पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से चारों घायलों को तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।

तेज रफ्तार को माना जा रहा हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइक तेज रफ्तार में थीं और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के कारण यह दुर्घटना हुई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बालको मार्ग पर तेज रफ्तार के कारण लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। ऐसे में इस मार्ग पर यातायात नियमों के पालन को लेकर सख्ती की आवश्यकता है।

पुलिस ने मौके से दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घायलों के बयान एवं घटनास्थल की परिस्थितियों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने वाहन चालकों से तेज रफ्तार से वाहन नहीं चलाने, हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की है।