मतदाता जागरूकता प्रतियोगिता में खुशी श्रीवास और नेहा चौधरी ने मारी बाजी

सरस्वती शिशु मंदिर एचटीपीपी दर्री में निबंध एवं ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता आयोजित, विद्यार्थियों को मतदान के प्रति किया जागरूक

कोरबा।लोकतंत्र को मजबूत बनाने और युवाओं में मतदान के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से सरस्वती शिशु मंदिर एचटीपीपी दर्री में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर निबंध एवं ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को मतदान के महत्व, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने तथा निष्पक्ष एवं अनिवार्य मतदान के प्रति जागरूक किया गया।

प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा और ज्ञान का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती सुषमा बारस्कर ने की।

आयोजन का निर्देशन श्रीमती माधुरी देवांगन एवं आशीष शाह ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं संस्था प्रमुख द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदान की भूमिका और एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में उनके कर्तव्यों की जानकारी दी गई।

निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, मतदान के अधिकार का उपयोग करने और लोकतंत्र को सशक्त बनाने में नागरिकों की भूमिका जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। वहीं, ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में निर्वाचन प्रक्रिया और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े सवाल पूछे गए, जिनका विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ जवाब दिया।

प्रतियोगिता के परिणामों में निबंध लेखन में खुशी श्रीवास ने प्रथम तथा प्रज्ञा यादव ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता में नेहा चौधरी प्रथम और सोनिया देवी द्वितीय स्थान पर रहीं।

श्रीमती सुषमा बारस्कर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उन्हें लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझना चाहिए। मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण नागरिक दायित्व भी है। उन्होंने कहा कि स्वयं मतदान करने के साथ ही अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करना चाहिए। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में जागरूक नागरिक बनने की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।