मंत्री लखनलाल,महापौर संजूदेवी व गोपाल मोदी ने दी शुभकामनाएं

सुख, शांति और समृद्धि की कामना, प्रेम-सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील

कोरबा।छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन, महापौर संजूदेवी राजपूत एवं जिला भाजपा अध्यक्ष गोपाल मोदी ने धनतेरस और दीपावली के पावन पर्व पर कोरबा जिले सहित प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कामना की कि दीपोत्सव का यह पर्व प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए तथा सभी के जीवन में नई ऊर्जा, उत्साह और सकारात्मकता का संचार हो।

अपने शुभकामना संदेश में जनप्रतिनिधियों ने कहा कि भारतीय संस्कृति में तीज-त्योहारों का विशेष महत्व है। ये पर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक मूल्यों और सामाजिक एकता को मजबूत बनाने का माध्यम हैं।

दीपावली अंधकार पर प्रकाश, बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक पर्व है। यह हमें जीवन में सद्भावना, प्रेम, भाईचारे और सकारात्मक विचारों को अपनाने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि धनतेरस से प्रारंभ होने वाला दीपोत्सव पूरे देश में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाता है। इस दौरान लोग अपने घरों को दीपों और आकर्षक सजावट से रोशन कर खुशियां साझा करते हैं।

जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों से आपसी प्रेम, सौहार्द और सामाजिक एकता के साथ त्योहार मनाने तथा जरूरतमंदों के साथ खुशियां बांटने की अपील की।