धनतेरस पर सुख-समृद्धि और आरोग्य की कामना, बाजारों में उमड़ी खरीदारों की भीड़

दीपावली पर्व का आगाज, शहर से लेकर उपनगरीय बाजारों तक रही रौनक; सड़कों पर भी बढ़ा वाहनों का दबाव

कोरबा।सुख-समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना के साथ शुक्रवार को जिलेभर में धनतेरस का पर्व पारंपरिक श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इसी के साथ पांच दिवसीय दीपावली पर्व का शुभारंभ हो गया। धनतेरस पर शुभ खरीदारी की परंपरा के चलते सुबह से ही कोरबा शहर सहित उपनगरीय और कस्बाई क्षेत्रों के बाजारों में ग्राहकों की भीड़ उमड़ पड़ी। दिनभर बाजारों में चहल-पहल बनी रही और त्योहार की रौनक सड़कों तक दिखाई दी।

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, समुद्र मंथन के दौरान भगवान धनवंतरी अमृत कलश के साथ प्रकट हुए थे। उन्हें आयुर्वेद और आरोग्य का देवता माना जाता है। इसी मान्यता के चलते धनतेरस पर भगवान धनवंतरी की पूजा-अर्चना कर बेहतर स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की जाती है। इस अवसर पर राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस भी मनाया गया।

चिकित्सकों और आयुर्वेद से जुड़े लोगों ने भगवान धनवंतरी का पूजन कर जनस्वास्थ्य की सेवा के प्रति अपने संकल्प को दोहराया।

वहीं, धनतेरस पर आर्थिक समृद्धि की कामना के साथ लोगों ने अपनी जरूरत और सामर्थ्य के अनुसार खरीदारी की। मिट्टी के दीये, लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाएं, लाई-बताशे, फूल-मालाएं और पूजन सामग्री की दुकानों पर विशेष भीड़ रही। इसके अलावा घरेलू उपयोग की वस्तुओं, सजावटी सामान और दीपावली से संबंधित अन्य सामग्री की भी जमकर बिक्री हुई। प्रमुख बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही के कारण कई स्थानों पर सड़कों पर भी वाहनों और लोगों का दबाव बढ़ा रहा।

शहर से कस्बों तक बाजारों में लौटी रौनक
धनतेरस के साथ ही बाजारों में बढ़ी चहल-पहल से व्यापारियों के चेहरे भी खिले नजर आए। त्योहार को लेकर लंबे समय से तैयारी कर रहे छोटे-बड़े कारोबारियों को अच्छी बिक्री की उम्मीद है। पारंपरिक मिट्टी के दीये और पूजन सामग्री बेचने वाले छोटे दुकानदारों से लेकर घरेलू सामान के बड़े कारोबारियों तक में उत्साह देखा गया।

कोरबा शहर के अलावा बालकोनगर, कुसमुंडा, बांकीमोंगरा सहित विभिन्न कस्बाई क्षेत्रों के बाजारों में भी खरीदारों की अच्छी भीड़ रही। व्यापारियों का मानना है कि धनतेरस से शुरू हुई खरीदारी का सिलसिला दीपावली तक जारी रहेगा।

इससे आगामी दिनों में कारोबार को और गति मिलने की उम्मीद है।