कोरबा। शासकीय ईवीपीजी स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोरबा के तत्वावधान में आयोजित परिक्षेत्र स्तरीय पुरुष एवं महिला बैडमिंटन प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में शासकीय ईवीपीजी स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोरबा तथा महिला वर्ग में शासकीय महाविद्यालय भैसमा ने चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एलएन कंवर की अध्यक्षता में पर्यवेक्षक श्रीमती अनिमा तिर्की ने किया। प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग से छह तथा महिला वर्ग से आठ महाविद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया। विभिन्न मुकाबलों में खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया।
पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में शासकीय पीजी कॉलेज कोरबा ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए कमला नेहरू महाविद्यालय को 3-0 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया।वहीं महिला वर्ग के फाइनल में शासकीय महाविद्यालय भैसमा ने शासकीय मिनीमाता कन्या महाविद्यालय कोरबा को 2-0 से हराकर चैंपियन ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरुष वर्ग में मनीष श्रीवास्तव तथा महिला वर्ग में नेहा कंवर को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। विजेता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. विजय कुमार नायडू एवं कमला नेहरू महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक बृजेश तिवारी ने पुरस्कार प्रदान किए।
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका वेणुगोपाल साहू, करण एवं श्लोक ने निभाई। इस अवसर पर विभिन्न महाविद्यालयों से आए क्रीड़ा अधिकारी रविंद्र ध्रुव, राजकुमारी मरकाम, गौरी वानखेड़े, सुमित कुमार सिंह, विनय कुमार यादव, सत्येंद्र सिंह, कन्हैया कंवर, प्रदीप केसरवानी एवं दिनेश चंद्रा उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में महाविद्यालय की क्रीड़ा समिति के सदस्य डॉ. संदीप शुक्ला, श्याम सुंदर तिवारी, सुशील गुप्ता एवं साहनी चौहान ने सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम का संचालन प्रतियोगिता के संगठन सचिव एवं महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी डॉ. बीएस राव ने किया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
