केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2 एनटीपीसी में वार्षिक खेल दिवस समारोह
कोरबा। केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2 एनटीपीसी कोरबा में शुक्रवार को वार्षिक खेल दिवस समारोह उत्साह और खेल भावना के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं एनटीपीसी कोरबा के परियोजना प्रमुख केसी पात्रा ने छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता और प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं हैं, बल्कि यह अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और जीवन में आगे बढ़ने का आत्मविश्वास भी विकसित करते हैं।
उन्होंने कहा कि विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपने खेल कौशल के दम पर कोरबा को प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। यह विद्यालय परिवार के लिए गर्व और प्रसन्नता का विषय है। शिक्षा का दायरा केवल कक्षा और पुस्तकों तक सीमित नहीं है। खेल का मैदान भी जीवन की महत्वपूर्ण सीख देता है, जो विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और सफल भविष्य के निर्माण में सहायक होती है। मुख्य अतिथि ने खेल दिवस के आयोजन के लिए विद्यालय प्रबंधन को बधाई भी दी।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य एसके साहू ने अतिथियों का स्वागत करते हुए वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि हार हमें और अधिक मेहनत करने की सीख देती है, जबकि जीत हमें विनम्र बनना सिखाती है। इसलिए हार-जीत की चिंता किए बिना निरंतर अपने प्रदर्शन को बेहतर बनाने का प्रयास करना चाहिए। मेहनत, अनुशासन और समर्पण ही सफलता की राह प्रशस्त करते हैं।
समारोह के दौरान खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। देवेंद्र कंवर, अन्वेषा निर्मलकर, रुद्राक्ष पांडेय, आराध्या गोस्वामी, प्रेरणा चौहान, अधिकार द्विवेदी, टोपेश ठाकुर एवं तन्वी यादव सहित अन्य प्रतिभावान खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
खेल शिक्षक अस्मित कुमार ने विभिन्न स्पर्धाओं के परिणामों की जानकारी देते हुए बताया कि क्रिकेट प्रतियोगिता में सुभाष हाउस ने रमन हाउस को पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। सुभाष हाउस के गौरव को मैन ऑफ द मैच चुना गया। 100 मीटर दौड़ में कक्षा छठवीं से आठवीं के बालिका वर्ग में स्वर्णा सिंह तथा बालक वर्ग में कुणाल आर्मो ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं कक्षा नौवीं से बारहवीं के बालिका वर्ग में प्रेरणा चौहान और बालक वर्ग में शौर्य सारथी ने प्रथम स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम में एनटीपीसी कोरबा के महाप्रबंधक (ओएंडएम) शत्रुघ्न बेहरा, विद्यालय के नामित अध्यक्ष एवं महाप्रबंधक (सिविल) अतुल श्रीवास्तव तथा टाउनशिप के महाप्रबंधक एमके रजक विशेष रूप से उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में खेल कोच नरेंद्र राजवाड़े, योग प्रशिक्षक गितेश्वर वैष्णव एवं कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर परवेज रजा ने योगदान दिया। कार्यक्रम का संचालन संस्कृत प्राध्यापिका श्रीमती मीनाक्षी शर्मा ने किया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
