हजारों बहनों ने उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन को बांधी राखी

डी-1 निवास में सुबह से लगी बहनों की कतार, ‘बहनी मन संग राखी के तिहार’ में छलका भाई-बहन का प्यार

कोरबा। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर कोरबा विधानसभा में भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और आत्मीय रिश्ते की अनूठी तस्वीर देखने को मिली। डी-1, पंचवटी के समीप स्थित शासकीय निवास में नगर विधायक एवं कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन द्वारा आयोजित ‘बहनी मन संग राखी के तिहार’ कार्यक्रम में हजारों बहनें अपने विधायक एवं मंत्री भाई की कलाई पर रक्षासूत्र बांधने पहुंचीं।

सुबह से ही मंत्री निवास में बहनों की भीड़ जुटने लगी। लंबी कतार में खड़ी बहनों ने बारी-बारी से मंत्री देवांगन को राखी बांधी। बहनों ने तिलक लगाकर आरती उतारी और रक्षासूत्र बांधते हुए उनके स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। पूरे परिसर में रक्षाबंधन की खुशियों के साथ भाई-बहन के स्नेह और आत्मीयता का माहौल बना रहा।

बहनों के स्नेह को बताया जीवन की पूंजी
इस अवसर पर मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि पार्षद से लेकर कोरबा नगर निगम के महापौर, कटघोरा विधायक, संसदीय सचिव और अब कोरबा विधायक एवं कैबिनेट मंत्री तक के राजनीतिक सफर में कोरबा की बहनों ने उन्हें जिस आत्मीयता से अपना भाई मानकर स्नेह और आशीर्वाद दिया है, उसके लिए वे हृदय से आभारी हैं।

उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के स्नेह का पर्व नहीं, बल्कि विश्वास, सम्मान और सुरक्षा के संकल्प का भी पर्व है। बहन द्वारा भाई की कलाई पर बांधा गया रक्षासूत्र जीवनभर उसके सम्मान, सुख-दुःख और हर परिस्थिति में साथ खड़े रहने की जिम्मेदारी का प्रतीक है। प्रदेश की माताओं और बहनों का स्नेह एवं आशीर्वाद मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है।

महिलाओं के स्वावलंबन पर सरकार का जोर
मंत्री देवांगन ने कहा कि इसी भावना के साथ प्रदेश सरकार की नीतियों के केंद्र में माताओं और बहनों का सम्मान, आर्थिक स्वावलंबन और खुशहाली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 13 लाख 85 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। स्व-सहायता समूहों से जुड़कर महिलाएं अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ गांवों की अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा दे रही हैं।

उन्होंने महतारी वंदन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की लगभग 68 लाख बहनों को प्रतिमाह आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। यह राशि महिलाएं अपनी आवश्यकताओं, बच्चों की शिक्षा तथा सिलाई-कढ़ाई सहित विभिन्न आजीविका गतिविधियों में उपयोग कर रही हैं। इससे महिलाओं का आत्मविश्वास और निर्णय लेने की क्षमता मजबूत हो रही है।

कार्यक्रम में महापौर संजू देवी राजपूत, रायपुर संभाग सह प्रभारी डॉ. राजीव सिंह, जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार, चंचला राठौर, स्वाति कश्यप, देवेंद्र पांडे, रुक्मणी नायर, नवीन अरोड़ा, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष वैभव शर्मा, मंडल अध्यक्ष राजेश राठौर, डिलेन्द्र यादव, मनोज लहरे, योगेश मिश्रा, मनीष मिश्रा, नारायण ठाकुर, तुलसी ठाकुर, अंजना सिंह, भुवनेश्वर तिवारी, पार्षद लक्ष्मण श्रीवास, नरेंद्र देवांगन, धनश्री साहू, सरस्वती पटेल, धन कुमारी गर्ग, सुशील गर्ग, ज्योति परिहार, गिरधारी रजक, बिहारी रजक, संपत यादव, फिरथ साहू सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।