बालकोनगर। वेदांता समूह की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) में रक्षाबंधन का पर्व आपसी विश्वास, स्नेह, सम्मान और एकजुटता के संदेश के साथ धूमधाम से मनाया गया। कंपनी के कर्मचारियों ने सुरक्षा कर्मियों के साथ रक्षाबंधन की खुशियां साझा करते हुए उनकी कलाई पर राखी बांधी और कार्यस्थल को सुरक्षित बनाए रखने में उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया।
वहीं समुदाय के विभिन्न वर्गों के साथ पर्व मनाकर बालको ने आपसी संबंधों को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
रक्षाबंधन को सुरक्षा और विश्वास से जोड़ते हुए बालको के विभिन्न विभागों के करीब 150 कर्मचारियों ने महिला, पुरुष, ट्रांसजेंडर एवं सुरक्षा कर्मियों की कलाई पर राखी बांधी। इस पहल के माध्यम से कर्मचारियों ने प्रतिदिन कार्यस्थल पर सुरक्षा सुनिश्चित करने वाले कर्मियों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की। राखी का धागा आपसी विश्वास, जिम्मेदारी और सुरक्षित कार्य संस्कृति के प्रति साझा प्रतिबद्धता का प्रतीक बना।

उन्नति की महिलाओं ने वरिष्ठ अधिकारियों को बांधी राखी
रक्षाबंधन समारोह में बालको की उन्नति परियोजना से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। महिलाओं ने अपने हाथों से तैयार की गई राखियां बालको के सीईओ एवं पूर्णकालिक निदेशक राजेश सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारियों की कलाई पर बांधीं। इस पहल ने महिलाओं में विकसित हो रहे आत्मविश्वास, कौशल और उद्यमशीलता की भावना को प्रदर्शित किया।
उन्नति परियोजना के माध्यम से महिलाओं को कौशल विकास के साथ आय के नए अवसर उपलब्ध कराने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
बालको अस्पताल में भी दिखा उत्साह
बालको अस्पताल में भी रक्षाबंधन की विशेष झलक देखने को मिली। उन्नति परियोजना से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने अस्पताल के डॉक्टरों एवं चिकित्सा कर्मियों को राखी बांधकर उनके सेवाभाव और समर्पण के प्रति आभार व्यक्त किया। चिकित्सकों एवं चिकित्सा कर्मियों ने भी महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके साथ पर्व की खुशियां साझा कीं। इस पहल ने स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कर्मियों और समुदाय के बीच सम्मान, विश्वास एवं अपनत्व के रिश्ते को मजबूत किया।
नंद घर के बच्चों ने खुद तैयार की राखियां
बालको ने नंद घर के बच्चों के साथ भी रक्षाबंधन का पर्व मनाया। बच्चों ने अपने हाथों से सुंदर राखियां तैयार कीं और एक-दूसरे की कलाई पर राखी बांधकर भाई-बहन के प्रेम, स्नेह और सहयोग का संदेश दिया। रचनात्मक गतिविधि के माध्यम से बच्चों को भारतीय त्योहारों और पारिवारिक मूल्यों को समझने का अवसर भी मिला।
नंद घर वेदांता समूह की सामुदायिक विकास पहल का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसके माध्यम से बच्चों के समग्र विकास और महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर दिया जाता है। बालको अपने परिचालन क्षेत्र के समुदायों में शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में विभिन्न पहल संचालित कर रहा है।
बालको में आयोजित रक्षाबंधन समारोह ने कर्मचारियों और समुदाय के बीच विश्वास, सम्मान और अपनत्व की भावना को और मजबूत किया। पर्व के माध्यम से सभी ने सुरक्षा, सहयोग और सामुदायिक विकास की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















