एक घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद निकाला गया बाहर, गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर
कोरबा/कटघोरा। कटघोरा-जेंजरा बायपास मुख्य मार्ग पर शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार दो ट्रकों की आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका चालक केबिन में फंस गया। करीब एक घंटे तक चले राहत एवं बचाव अभियान के बाद चालक को बाहर निकाला जा सका। हादसे के बाद मार्ग पर यातायात भी प्रभावित हुआ और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों ट्रक बायपास मार्ग पर तेज रफ्तार से जा रहे थे। इसी दौरान किसी कारण से दोनों वाहन अनियंत्रित होकर आमने-सामने जा भिड़े। भिड़ंत के बाद एक ट्रक का केबिन बुरी तरह पिचक गया और चालक अंदर फंस गया। वह दर्द से कराह रहा था। ट्रक का दरवाजा भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण उसे बाहर निकालना मुश्किल हो गया।
हादसे की सूचना स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल 112 को दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। चालक को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। क्षतिग्रस्त केबिन को दूसरे ट्रक से टोचन कर रस्सी के सहारे खींचा गया। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
हादसे से लगा जाम
दुर्घटना के बाद बायपास मार्ग पर यातायात बाधित हो गया। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लगने से कुछ समय के लिए जाम की स्थिति निर्मित हो गई। सूचना मिलने पर कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभालने के साथ रेस्क्यू कार्य में सहयोग किया।
रेस्क्यू के बाद घायल चालक को डायल 112 की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल कोरबा रेफर कर दिया।
पुलिस ने दोनों ट्रकों को अपने कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है। समय पर मौके पर पहुंचकर चालक को बचाने के लिए राहत एवं बचाव कार्य में जुटी डायल 112 टीम तथा सहयोग करने वाले स्थानीय नागरिकों की तत्परता की लोगों ने सराहना की।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















