डभरा में RKM पावर प्लांट में लिफ्ट गिरने से तीन मजदूरों की मौत, सात घायल

सक्ती जिले के डभरा स्थित RKM पावर प्लांट में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। प्लांट में कार्य के दौरान एक लिफ्ट 40 मीटर की ऊंचाई से गिर गई, जिसके कारण तीन मजदूरों की मौत हो गई और सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसा उस समय हुआ जब 10 मजदूर लिफ्ट में सवार होकर पांचवें माले पर जा रहे थे। लिफ्ट को 75 मीटर की ऊंचाई तक पहुंचना था, लेकिन इसका केबल टूटने से यह जमीन पर आ गिरी।

घटना में अंजनी कुमार, मिश्रीलाल और रविंद्र कुमार नामक मजदूरों की मौत हो गई। दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे ने रायगढ़ के फॉर्टिस जिंदल अस्पताल पहुंचने पर दम तोड़ा।

घायल मजदूरों में बबलू प्रसाद, गुप्ता राम सिंह, विजय सिंह, संजय कुमार, राम केश, रतन और बलराम शामिल हैं। इनमें रतन और बलराम की हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है। अन्य घायलों का भी फॉर्टिस जिंदल अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।

हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लिफ्ट के केबल टूटने से यह हादसा हुआ। स्थानीय प्रशासन और पुलिस मामले की जांच में जुट गए हैं।