बाल संप्रेक्षण गृह से फिर फरार हुआ अपचारी बालक, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

मुख्य द्वार खुलने के दौरान जवानों की नजर बचाकर निकला बाहर, चोरी के मामले में 27 सितंबर को हुआ था दाखिल

कोरबा।कोडिया स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से एक बार फिर अपचारी बालक के फरार होने का मामला सामने आया है। शनिवार सुबह मुख्य द्वार खुलने के दौरान सुरक्षा में तैनात जवानों का ध्यान दूसरी ओर होने का फायदा उठाकर चोरी के मामले में निरुद्ध बालक चैनल गेट खोलकर परिसर से बाहर निकल गया। गिनती के दौरान उसके गायब होने का पता चला, जिसके बाद संप्रेक्षण गृह में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलने पर पुलिस ने बालक की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, पोड़ीबहार निवासी बालक को चोरी के मामले में 27 सितंबर को कोडिया स्थित बाल संप्रेक्षण गृह में दाखिल कराया गया था। शनिवार सुबह मुख्य द्वार खुलने के बाद सुरक्षा में तैनात जवान अपने काम में व्यस्त हो गए। इसी दौरान बालक ने मौका पाकर चैनल गेट खोला और परिसर से बाहर निकल गया।

बाद में नियमित गिनती के दौरान बालक के गायब होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद संप्रेक्षण गृह प्रबंधन में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

बाल संप्रेक्षण गृह से एक बार फिर बालक के फरार होने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस की तलाश के बाद ही फरार बालक के संबंध में आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।