19 प्रमुख मार्गों का 24 करोड़ रुपये से होगा डामरीकरण

मंत्री लखनलाल देवांगन आज करेंगे भूमिपूजन, लंबे समय से जर्जर सड़कों से परेशान शहरवासियों को मिलेगी राहत

कोरबा।कोरबा शहर की जर्जर सड़कों की मरम्मत और सुधार की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। शहर के 19 प्रमुख मार्गों का करीब 24 करोड़ रुपये की लागत से डामरीकरण किया जाएगा। रविवार, 18 अक्टूबर को नवरात्र की अष्टमी के अवसर पर कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में इन कार्यों का भूमिपूजन होगा।

कार्यक्रम दोपहर 2 बजे कोसाबाड़ी चौक के समीप आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम में महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी, नगर निगम के सभी एमआईसी सदस्य, पार्षदगण और क्षेत्रवासी उपस्थित रहेंगे।

शहर के कई प्रमुख मार्ग लंबे समय से खराब स्थिति में हैं, जिसके कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के प्रयासों से इन मार्गों के डामरीकरण के लिए राशि स्वीकृत होने के साथ टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। मानसून का दौर समाप्त होने के बाद अब सड़क निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारी है।

डामरीकरण कार्य पूरा होने से शहरवासियों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। इससे सड़कों की स्थिति में सुधार के साथ यातायात भी सुगम होगा। शहर में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के क्रम में कुछ दिन पहले ही सुनालिया अंडरब्रिज निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया था। अब 19 प्रमुख मार्गों के डामरीकरण की पहल को शहरी सड़क व्यवस्था में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।