कोरबा की लखनी साहू को राष्ट्रपति भवन में मिला प्रतिष्ठित “एमवाई भारत – एनएसएस पुरस्कार”

कोरबा। शासकीय ई. वी. पी. जी. कॉलेज, कोरबा की पूर्व छात्रा और सक्रिय एनएसएस स्वयंसेविका सुश्री लखनी साहू ने अपने सामाजिक कार्यों से कोरबा और छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।

उन्हें पर्यावरण संरक्षण,रक्तदान,और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार में उत्कृष्ट योगदान के लिए महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू द्वारा “एमवाई भारत – राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) पुरस्कार” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली में प्रदान किया गया।

कोरबा जिले के लिए यह ऐतिहासिक क्षण है, क्योंकि पहली बार जिले की किसी स्वयंसेविका को यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हुआ है। लखनी साहू की इस उपलब्धि ने न केवल कोरबा, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है।

उनकी यह सफलता परिश्रम, सामाजिक संवेदनशीलता और सेवा भावना का प्रतीक है, जो युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बन गई है।

इस अवसर पर अटल बिहारी विश्वविद्यालय के कुलपति आचार्य ए. डी. एन. बाजपेई, कुल सचिव डॉ. तारणीश गौतम, और कार्यक्रम समन्वयक डॉ. मनोज सिन्हा ने सुश्री साहू को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि लखनी ने अपने कार्यों से यह साबित किया है कि समर्पण और संकल्प से बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।