सीवीओ त्रिपाठी ने दीपका में खनन कार्यों का लिया जायजा, पारदर्शिता पर दिया जोर

कोरबा। कोल इंडिया लिमिटेड के मुख्य सतर्कता अधिकारी ब्रजेश कुमार त्रिपाठी ने एसईसीएल दीपका परियोजना में खनन कार्यों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से कार्य प्रगति और चुनौतियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इस दौरान त्रिपाठी ने नए साइलो परिसर के पास पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कदम उठाया।

कोरबा दौरे पर आए त्रिपाठी ने पर्यावरण प्रबंधक कीर्ति केजी से मुलाकात की और खनन क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भूमिका व सशक्तिकरण की प्रशंसा की। खदान निरीक्षण के बाद उन्होंने दीपका, गेवरा, कुसमुंडा और कोरबा क्षेत्रों के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ संवाद सत्र में हिस्सा लिया।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक कोल इंडियन देश की प्रगति का आधार है और सभी को निडरता, ईमानदारी व पारदर्शिता के साथ काम करना चाहिए। अपने नारे ‘जो जीता वही कोल इंडियन’ को दोहराते हुए उन्होंने सतर्कता और उत्कृष्टता को कार्य संस्कृति का हिस्सा बनाने पर बल दिया।

कार्यक्रम में एसईसीएल के निदेशक तकनीकी (संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। त्रिपाठी का यह दौरा खनन कार्यों में पारदर्शिता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण रहा।