विकास कार्यों की धीमी रफ्तार पर आयुक्त सख्त, एजेंसियों को ब्लैकलिस्ट की चेतावनी

कोरबा। नगर निगम क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की सुस्त रफ्तार से आयुक्त आशुतोष पाण्डेय नाराज हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यों की गति को तत्काल बढ़ाया जाए। मंगलवार को नगर निगम सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में आयुक्त ने विभिन्न योजनाओं और मदों के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के लिए कहा।

बैठक में वित्त आयोग, अधोसंरचना, जिला खनिज न्यास, सीएसआर, प्रभारी मंत्री, सांसद, विधायक, एनकैप, मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण, महापौर, पार्षद और निगम मद के कार्यों के साथ-साथ प्रधानमंत्री आवास योजना, अमृत मिशन, और स्वच्छ भारत मिशन की प्रगति की समीक्षा की गई। आयुक्त ने कार्यों में आ रहे अवरोधों को समय पर दूर करने और व्यवहारिक समस्याओं के समाधान पर जोर दिया।

आयुक्त ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन निर्माण एजेंसियों ने बार-बार नोटिस के बावजूद कार्य शुरू नहीं किया या अनुबंध शर्तों का उल्लंघन किया, उन्हें ब्लैकलिस्ट करने की चेतावनी दी गई। निगम पहले भी ऐसी कार्रवाई कर चुका है।

बैठक में अपर आयुक्त विनय मिश्रा, अधीक्षण अभियंता सुरेश बरूआ, उपायुक्त पवन वर्मा, लेखाधिकारी भवकांत नायक, जोन कमिश्नर भूषण उरांव, अखिलेश शुक्ला, एन.के.नाथ, विनोद शांडिल्य, प्रकाश चन्द्रा, तपन तिवारी, सुनील टांडे, कार्यपालन अभियंता राकेश मसीह, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय तिवारी और संपदा अधिकारी अनिरूद्ध सिंह मौजूद थे।