कटघोरा में चौराहे पर विवाद, प्रशासन ने रुकवाया अवैध निर्माण

कोरबा। कटघोरा के नेशनल हाईवे बाईपास पर पहाड़ी के पास चौराहे पर अवैध निर्माण को लेकर जायसवाल और कंवर समाज के बीच विवाद हो गया। प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य को रोक दिया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हाल ही में जायसवाल समाज के एक कार्यक्रम में इस चौराहे पर भगवान सहस्त्रबाहु की प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा की थी, जिसका क्रियान्वयन जल्द शुरू होने वाला था।

मंगलवार को कटघोरा क्षेत्र के विधायक प्रेमचंद पटेल, एडीएम पटेल, एसडीएम पोड़ी उपरोड़ा तुलाराम भारद्वाज, तहसीलदार, और कटघोरा नगर निरीक्षक धर्म नारायण तिवारी सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे।

उन्होंने पाया कि कंवर समाज द्वारा चौराहे पर बोर्ड लगाकर निर्माण कार्य शुरू किया गया था, जिसे प्रशासन ने अवैध मानते हुए तत्काल रोक दिया।

जानकारी के अनुसार, कंवर समाज का दावा है कि वर्ष 2000 में उन्हें इस स्थान पर जमीन आवंटन की घोषणा हुई थी, जबकि प्रशासन ने स्पष्ट किया कि वह जमीन दूसरी थी और वर्तमान स्थान का इससे कोई संबंध नहीं है। विवाद बढ़ने पर अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की, लेकिन सहमति न बनने पर निर्माण कार्य पर रोक लगा दी गई।

प्रशासन ने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार इस स्थान पर सहस्त्रबाहु की प्रतिमा स्थापना के लिए उचित कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों ने दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने और सरकारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।