कोरबा। कोरबा जिले के कनकी क्षेत्र में साइबेरिया से आए प्रवासी एशियन ओपन बिल स्टार्क पक्षियों के शिकार का मामला सामने आया है। वन विभाग ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 20 वर्षीय आरोपी समार सिंह धनुहार को गिरफ्तार किया है।
आरोपी ने गुलेल का उपयोग कर तीन पक्षियों को निशाना बनाया, जिसमें एक पक्षी की मौत हो गई, एक घायल अवस्था में मिला, और तीसरे पक्षी को आरोपी ने पकाकर खाने की बात स्वीकारी।
वन विभाग की टीम ने आरोपी के घर से एक मृत पक्षी और एक घायल पक्षी बरामद किया, जिसका बायां पैर लहुलुहान था। रेंजर रघुनाथ सिंह राठिया ने वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया। एसडीओ फॉरेस्ट सूर्यकांत सोनी के निर्देश पर वन अधिकारियों कपिल कुमार, विजयेन्द्र नेटी, हरिनारायण बंजारे और वैद्यराज बिंझवार ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
वन विभाग के अनुसार, एशियन ओपन बिल स्टार्क एक संरक्षित प्रजाति है, और इसे नुकसान पहुंचाना गैरकानूनी है।
कनकी क्षेत्र में पिछले एक दशक से ये विदेशी पक्षी ठंड के मौसम में प्रवास के लिए आ रहे हैं और प्राचीन शिव मंदिर परिसर को अपना सुरक्षित ठिकाना बनाए हुए हैं। वन विभाग ने इनके संरक्षण के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। स्थानीय ग्रामीणों का मानना है कि इन पक्षियों के आने से क्षेत्र में समृद्धि बढ़ी है।
वन अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे इन संरक्षित पक्षियों की सुरक्षा में सहयोग करें और किसी भी तरह की अवैध गतिविधि से बचें।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















