महिला की संदिग्ध मौत, खिड़की में लटका मिला शव; आत्महत्या या हत्या?

कोरबा। दर्री के पुष्पपल्लव कॉलोनी में रहने वाली कामकाजी महिला मंजू राव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव घर के कमरे की खिड़की में चुनरी के सहारे लटका मिला।

पुलिस ने बीएनएस की धारा के तहत संदिग्ध मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मंजू के परिजन इस मौत के कारणों की गहन जांच की मांग कर रहे हैं।

मंजू का विवाह 18 वर्ष पहले सुनील राव से हुआ था और उनके दो बच्चे हैं। सुनील ने बताया कि रात में भोजन के बाद सभी सो गए थे। रात को ही उन्हें पत्नी के आत्महत्या करने की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने पड़ोसियों और घरवालों को सूचित किया।

एक डॉक्टर ने मौके पर पहुंचकर जांच की। सुनील ने पत्नी के साथ किसी विवाद या अन्य घटना से इनकार किया।

मंजू की बहन वर्षा ने बताया कि मंजू ने कभी ऐसी बात नहीं की, जिससे संदेह हो। परिजन इस घटना के पीछे की वजह जानना चाहते हैं। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।