एसईसीएल कॉलोनी में दूषित पानी की समस्या, कर्मचारी और परिवार परेशान; प्रबंधन की लापरवाही पर सवाल

कोरबा।कोरबा की एसईसीएल कॉलोनी में रहने वाले कर्मचारियों और उनके परिवारों को लंबे समय से दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है, जिसके कारण कई लोग पेट और त्वचा संबंधी बीमारियों से पीड़ित हैं।

स्थानीय निवासियों और पार्षदों ने प्रबंधन की लापरवाही को इस समस्या का प्रमुख कारण बताया है। सूत्रों के अनुसार, पानी शुद्धिकरण के लिए आवश्यक सामग्री, जैसे एलम, पीएससी पाउडर, चूना और ब्लीचिंग पाउडर, समय पर उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं, जिसके चलते कॉलोनी में अस्वच्छ पानी की सप्लाई हो रही है।

शैलेंद्र सिंहऔर सुशील गर्ग ने इस मुद्दे पर प्रबंधन को कई शिकायतें सौंपीं, लेकिन दो दिन में समाधान का आश्वासन देने के बावजूद हफ्तों बाद भी कोई सुधार नहीं हुआ।

गर्ग ने बताया कि वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट के निरीक्षण में भारी गंदगी और सुविधाओं की कमी पाई गई।

दूसरी ओर, एसईसीएल के स्टाफ ऑफिसर नीलगिरी पटेल ने दावा किया कि बारिश के कारण पाइपलाइन में दिक्कतें आई थीं, लेकिन अब स्थिति में सुधार कर लिया गया है और शीघ्र ही सभी कमियों को दूर किया जाएगा।

कॉलोनीवासियों ने प्रबंधन की उदासीनता पर नाराजगी जताते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही स्वच्छ पानी की आपूर्ति बहाल नहीं हुई, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। निवासियों ने प्रबंधन से इस समस्या पर गंभीरता से ध्यान देने और संसाधनों की कमी को तुरंत दूर करने की मांग की है।