स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान: 750 शिविरों में 45,359 लोगों को मिला स्वास्थ्य लाभ

कोरबा।जिले में ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार’ अभियान के तहत 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक 750 सामान्य और 51 मेगा स्पेशलिस्ट स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया।

इन शिविरों में 45,359 लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य देखभाल, टीकाकरण, पोषण जागरूकता और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करना था।

शिविरों में गैर-संचारी रोगों, कैंसर, एनिमिया, टीबी, सिकल सेल रोग, मातृ व शिशु स्वास्थ्य जांच और उपचार पर विशेष ध्यान दिया गया। महिलाओं को स्वस्थ जीवनशैली और बीमारियों से बचाव के लिए परामर्श सत्रों के माध्यम से जागरूक किया गया।

इस दौरान 5,200 गर्भवती महिलाओं की जांच, 18,192 एनिमिया जांच, 9,921 सिकल सेल जांच, 1,968 टीबी जांच, 28,483 बीपी जांच, 27,630 शुगर जांच और 2,091 कैंसर जांच (मुख, स्तन, सर्वाइकल) की गईं।

इसके अलावा, 54 सिकल सेल कार्ड वितरित किए गए, 225 वयवंदन कार्ड बनाए गए, 10 लोगों ने रक्तदान किया, 124 लोग निक्षयमित्र के रूप में पंजीकृत हुए और 1,313 बच्चों का टीकाकरण किया गया।

शिविरों में नारी आरोग्य उत्सव, स्वस्थ किशोरी सशक्त भविष्य, वीमेन वेलनेस वाक डे, मेरा स्वास्थ्य मेरी शक्ति, पीएम जनमन स्वस्थ पर्व जैसे थीम आधारित कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कलेक्टर अजीत वसंत और सीएमएचओ ने नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और महिलाओं से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और बीमारियों से बचाव के लिए जागरूकता फैलाने की अपील की है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य लाभ पहुंचाया जा सके।