कोरबा-चांपा मार्ग पर गौमाता चौक के पास सड़क बदहाल, बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें

कोरबा। कोरबा-चांपा मार्ग पर गौमाता चौक, सीतामणी के पास सड़क की स्थिति अत्यंत खराब हो चुकी है। गहरे गड्ढों और बारिश के पानी के जमाव के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गड्ढों से बचने के लिए वाहन चालक गलत दिशा में चलने को मजबूर हैं, जिससे हादसों का खतरा बढ़ गया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, मानिकपुर खदान से राखड़ परिवहन करने वाले भारी मालवाहक वाहनों की लगातार आवाजाही ने सड़क को और जर्जर कर दिया है।

इमलीडुग्गू चौक से भिलाईखुर्द मोड़ तक सड़क की हालत खराब है, लेकिन गौमाता चौक से लगभग 200 मीटर आगे मुख्य सड़क पूरी तरह बदहाल है। बारिश का पानी भरने से गड्ढों की गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो गया है, जिसके चलते कई बाइक चालक अनियंत्रित होकर गिर चुके हैं।

स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से सड़क की मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि आवागमन सुगम हो और दुर्घटनाओं पर अंकुश लग सके।