छत्तीसगढ़ में ऐतिहासिक उपलब्धि: रायपुर-विशाखापट्टनम आर्थिक गलियारे की पहली राष्ट्रीय राजमार्ग सुरंग का निर्माण पूरा

रायपुर। छत्तीसगढ़ ने आधारभूत संरचना के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने रायपुर-विशाखापट्टनम आर्थिक गलियारे (NH-130CD) के तहत मात्र 12 महीनों में राज्य की पहली राष्ट्रीय राजमार्ग सुरंग (लेफ्ट हैंड साइड) का निर्माण पूरा कर लिया है।

अभनपुर परियोजना कार्यान्वयन इकाई द्वारा निर्मित यह 2.79 किलोमीटर लंबी ट्विन ट्यूब टनल इंजीनियरिंग का शानदार उदाहरण है। यह सुरंग छत्तीसगढ़, ओडिशा और आंध्र प्रदेश के बीच कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएगी, यात्रा समय को कम करेगी तथा व्यापार और उद्योग को गति प्रदान करेगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि को समृद्ध और सशक्त छत्तीसगढ़ की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम करार दिया। उन्होंने कहा कि यह सुरंग प्रदेश में पर्यटन और सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए नए द्वार खोलेगी।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और NHAI की पूरी टीम को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी और इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के दृष्टिकोण के अनुरूप बताया।

यह परियोजना न केवल वर्तमान बल्कि भविष्य की पीढ़ियों के लिए भी विकास का मार्ग प्रशस्त करेगी।