बारिश के बाद शुरू होगा चिर्रा-श्यांग सड़क निर्माण

कोरबा। जिले के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। जिला प्रशासन ने चिर्रा-श्यांग सड़क के निर्माण को हरी झंडी दे दी है। 12 किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण कार्य बारिश समाप्त होते ही शुरू होगा। जिला खनिज न्यास निधि (DMF) के तहत 9 करोड़ 35 लाख रुपये की प्रशासनिक और तकनीकी स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है।

कोरबा विकासखंड के अंतर्गत यह सड़क वर्षों से पगडंडी की स्थिति में है। बड़े पत्थरों और खराब रास्तों के कारण चारपहिया वाहनों का संचालन मुश्किल है। इससे स्थानीय ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 50 किलोमीटर दूर करतला या 90 किलोमीटर दूर जिला मुख्यालय जाना पड़ता है। छोटी-छोटी जरूरतों के लिए भी लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग उठ रही थी, जो अब जाकर पूरी होने जा रही है।

लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता जी. जांगड़े ने बताया कि सड़क का पूर्ण मरम्मत और डामरीकरण किया जाएगा। सर्वे कार्य पूरा हो चुका है और निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा।

पुलिस को राहत
श्यांग थाना प्रभारी विनोद सिंह ने कहा कि खराब सड़क के कारण आपात स्थिति में पुलिस को काफी परेशानी होती है। दुर्घटना या संदिग्ध मृत्यु जैसे मामलों में घायलों या शवों को 50 किलोमीटर दूर ले जाना चुनौतीपूर्ण है। सड़क बनने से ऐसी परिस्थितियों में सुविधा होगी।

यह सड़क क्षेत्र के विकास और ग्रामीणों की सुविधा के लिए मील का पत्थर साबित होगी।