कोरबा। कोरबा जिले के पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड की ग्राम पंचायत लालपुर में सरपंच धनेश्वर सिंह ओरकेरा और सचिव मोहम्मद हसन पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे हैं। दोनों ने कथित तौर पर एरिगेशन विभाग की सड़कों को पंचायत की बताकर जियो टैगिंग के जरिए बिना काम किए लाखों रुपये हड़प लिए। संतोष कश्यप के घर से चर्च होते हुए डेम मार्ग की सड़क के लिए 2,14,353 रुपये और मेन रोड से नया सोसाइटी भवन तक सीसी रोड के लिए 2 लाख रुपये का भुगतान गलत तरीके से किया गया।

15वें वित्त आयोग की राशि का भी दुरुपयोग हुआ। नियम के विपरीत, यह राशि वेंडरों के बजाय सरपंच के निजी खाते में ट्रांसफर की गई। वर्ष 2024-25 में मंच निर्माण के लिए 40,000 रुपये (दो बार), चबूतरा निर्माण के लिए 19,000 रुपये, सीसी रोड सामग्री के लिए 74,353 रुपये, पचरी निर्माण के लिए 74,880 रुपये, सबमर्सिबल पंप व सिंटेक्स के लिए 49,900 रुपये, बोर खनन के लिए 1,99,000 रुपये, बाउंड्री वॉल के लिए 1,19,868 रुपये, चर्च में बाउंड्री वॉल के लिए 1,20,000 रुपये, रोड मरम्मत व पुलिया सामग्री के लिए 50,000 रुपये और हैंडपंप सामग्री के लिए 30,000 रुपये के भुगतान में अनियमितता बरती गई।

वर्ष 2023-24 में भी संदिग्ध लेन-देन सामने आए, जिसमें सीसी रोड निर्माण के लिए 49,900 रुपये (दो बार), डेम के पास बोर खनन के लिए 48,000 रुपये (रवि शंकर के खाते में) और बोर खनन व सिबल फिटिंग के लिए 70,000 रुपये (हुसैन पान मसाला के खाते में) शामिल हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह भ्रष्टाचार उस समय से जारी है, जब सरपंच की पत्नी पंचायत प्रधान थीं।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पंचायत की राशि का उपयोग विकास के बजाय निजी स्वार्थों के लिए हो रहा है। फर्जी जियो टैगिंग और बिना कार्य के भुगतान से गांव में कोई प्रगति नहीं हुई। सूत्रों का दावा है कि यदि निष्पक्ष जांच हो तो सचिव की आय से अधिक संपत्ति का मामला भी उजागर हो सकता है, जो लंबे समय से एक ही पंचायत में जमे हैं।
जनपद पंचायत सीईओ ने जांच के आदेश दिए हैं, लेकिन ग्रामीणों की मांग है कि यह जांच कलेक्टर की निगरानी में उच्च स्तरीय हो, ताकि सत्यापन पारदर्शी हो। राजनीतिक दबाव के चलते ग्रामीण खुलकर सामने नहीं आ रहे, लेकिन भौतिक सत्यापन से कई फर्जी कार्य सामने आने की संभावना है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















