NH-353 पर भीषण हादसा: जनपद उपाध्यक्ष के पति की मौत, एक गंभीर रूप से घायल

महासमुंद। नेशनल हाईवे 353 पर साराडीह मोड़ के पास शनिवार रात करीब 8 बजे एक भीषण सड़क हादसे में जनपद पंचायत उपाध्यक्ष हुलसी चंद्राकर के पति जितेन्द्र चंद्राकर (46 वर्ष) की मृत्यु हो गई, जबकि उनके साथ स्कूटी पर सवार अशोक साहू गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा महासमुंद मुख्यालय से लगभग 3 किमी दूर हुआ।

बेलसोंड़ा निवासी जितेन्द्र चंद्राकर और अशोक साहू स्कूटी से घर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार टाटा सफारी (CG 04 QH 5836) से उनकी स्कूटी की टक्कर हो गई। स्थानीय लोगों ने दोनों को तुरंत एम्बुलेंस से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां जितेन्द्र को मृत घोषित किया गया। अशोक साहू का इलाज गंभीर हालत में चल रहा है। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए मर्च्यूरी में रखा गया है।

हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने टाटा सफारी पर पथराव किया। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया और चालक अग्रवाल ने सिटी कोतवाली में आत्मसमर्पण कर दिया। प्रारंभिक जांच में टाटा सफारी की तेज रफ्तार हादसे का कारण बताई जा रही है। पुलिस ने चालक से पूछताछ शुरू की है और एनडीपीएस व आपराधिक धाराओं के तहत कार्रवाई की बात कही है।

हादसे की खबर मिलते ही हुलसी चंद्राकर अस्पताल पहुंचीं, जहां पति की मृत्यु की खबर सुनकर वह अचेत हो गईं।

बेलसोंड़ा के ग्रामीणों के साथ विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग सहित कई जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे।

हुलसी चंद्राकर, जो भाजपा से जनपद पंचायत उपाध्यक्ष और पूर्व में बेलसोंड़ा की उपसरपंच रह चुकी हैं, के पति की मृत्यु से क्षेत्र में शोक की लहर है।

स्थानीय लोगों ने हाईवे पर गति नियंत्रण और सड़क सुरक्षा उपायों की मांग की है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।