भाई को बचाने की कोशिश में डेम में बह गया पवन, शव मिलने से परिवार में कोहराम

कोरबा। जिले के राताखार एनीकेट डैम में शनिवार दोपहर पिकनिक के दौरान एक दर्दनाक हादसा हुआ। पवन सिंह नामक युवक अपने बड़े भाई श्याम सिंह को डूबने से बचाने के लिए तेज बहाव वाले डैम में कूद गया। परिवार और दोस्तों ने श्याम को सुरक्षित निकाल लिया, लेकिन पवन तेज धारा में बह गया।

रविवार सुबह उसका शव सर्वमंगला मंदिर के सामने हसदेव नदी के छठ घाट पर बरामद हुआ। इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई।

घटना दोपहर करीब 2 बजे की है, जब पवन अपने दोस्तों और परिवार के कुछ सदस्यों के साथ राताखार डैम पर पिकनिक मना रहा था। नहाते समय श्याम गहरे पानी में फंसकर डूबने लगा। यह देख पवन बिना सोचे-समझे पानी में कूद पड़ा। दोस्तों की मदद से श्याम को बचा लिया गया, लेकिन तेज बहाव के कारण पवन बह गया।

डैम के ऊंचे जलस्तर और तेज धारा ने बचाव कार्य को चुनौतीपूर्ण बना दिया। दर्री थाना पुलिस, नगर सेना की गोताखोर टीम और स्थानीय प्रशासन ने तलाश अभियान चलाया, लेकिन शनिवार को पवन का कोई सुराग नहीं मिला।

रविवार सुबह सर्वमंगला मंदिर के पास छठ घाट पर कुछ लोगों ने बहते शव को देखा। डोंगा चालकों ने हिम्मत दिखाकर शव को किनारे लगाया और पुलिस को सूचना दी।

शव की पहचान पवन सिंह के रूप में हुई। परिजन मौके पर पहुंचे और शोक में डूब गए। पवन के बड़े भाई गणेश सिंह ने बताया कि पवन परिवार का सबसे छोटा और लाडला बेटा था, जो मजदूरी कर परिवार की आर्थिक मदद करता था।

श्याम को बचाने के लिए उसने अपनी जान की बाजी लगा दी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।