कोरबा। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने भारत सरकार के स्पेशल कैंपेन 5.0 के तहत नारी सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। कोरबा के सेंट्रल वर्कशॉप (सीडब्ल्यूएस) में कोल इंडिया का पहला पूर्णतः महिलाओं द्वारा संचालित सेंट्रल स्टोर फॉर स्पेयर पार्ट्स सप्लाई एंड मैनेजमेंट का शुभारंभ किया गया।
यह पहल कोयला उद्योग में महिलाओं की बढ़ती भूमिका और कार्यस्थल में समानता को बढ़ावा देने का प्रतीक है।
कार्यक्रम का उद्घाटन एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने पारंपरिक दीप प्रज्वलन और फीता काटकर किया।
इस अवसर पर निदेशक (तकनीकी/संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, निदेशक (तकनीकी/योजना परियोजना) आर.सी. महापात्र और मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन उपस्थित रहे। उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला कर्मियों को मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।
हरीश दुहन ने अपने संबोधन में कहा, “यह कदम नारी सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा बदलाव है। बिलासपुर में प्रथम महिला चिकित्सालय के बाद अब कोरबा में यह स्टोर यूनिट न केवल महिलाओं की भागीदारी बढ़ाएगी, बल्कि संगठन को नई ऊर्जा भी देगी।”
इस स्टोर यूनिट में आठ महिला अधिकारी और कर्मचारी कार्यरत हैं, जिनका नेतृत्व वरिष्ठ प्रबंधक (ई एंड एम) सुश्री सपना इक्का कर रही हैं।
आईआईटी आईएसएम से इलेक्ट्रिकल इंजीनियर सुश्री इक्का ने कहा, “मैं इस नई भूमिका से उत्साहित हूँ और इन्वेंटरी मैनेजमेंट को और सरल बनाने की दिशा में काम करूँगी।” स्टोर में आधुनिक एसएपी सिस्टम के जरिए रिकॉर्ड रखरखाव किया जाता है।
कार्यक्रम में स्वागत उद्बोधन महाप्रबंधक वर्कशॉप जी के द्विवेदी ने दिया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन स्टाफ ऑफिसर एचआर बलराम टंडन ने किया। कार्यक्रम का संचालन और समन्वय एसईसीएल, सीडब्ल्यूएस कोरबा द्वारा किया गया।
यह पहल कोयला उद्योग में महिलाओं के लिए प्रेरणादायी उदाहरण स्थापित करेगी और कार्यस्थल में लैंगिक समानता को बढ़ावा देगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















