कोरबा। जिले में लगातार बारिश के कारण मिनीमाता बांगो बांध का जलस्तर 4 अक्टूबर 2025 को शाम 6 बजे 358.10 मीटर तक पहुंच गया, जिसमें जलभराव 90.71 प्रतिशत दर्ज किया गया। जलस्तर और जलप्रवाह में निरंतर वृद्धि को देखते हुए, यदि जलभराव 92 प्रतिशत के करीब पहुंचता है या जल की अत्यधिक आवक होती है, तो बांध के गेट तीसरी बार खोले जा सकते हैं। यह जानकारी कार्यपालन अभियंता धमेन्द्र निखरा (मो. 7089042603) ने दी।
कलेक्टर अजीत वसंत ने बाढ़ की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सभी एसडीएम, स्वास्थ्य, विद्युत और अन्य विभागीय अधिकारियों को सतर्क रहने और सक्रियता से कार्य करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने हसदेव नदी और बांध के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी कराने और चल-अचल संपत्तियों को सुरक्षित स्थानों पर हटाने का आदेश जारी किया है।
कार्यपालन अभियंता ने आम नागरिकों, खनन ठेकेदारों, औद्योगिक इकाइयों और संस्थानों से बांध के नीचे और हसदेव नदी के किनारे की संपत्तियों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर ले जाने की अपील की है। जल संसाधन विभाग ने स्पष्ट किया कि बाढ़ से होने वाली किसी भी क्षति के लिए विभाग जिम्मेदार नहीं होगा। बाढ़ चेतावनी के लिए प्रभावित गांवों में मुनादी कराने के निर्देश दिए गए हैं।
संभावित बाढ़ प्रभावित गांवों में बांगो, चर्रा, पोड़ी-उपरोड़ा, कोनकोना, लेपरा, टुनियाकछार, पाथा, गाड़ाघाट, छिनमेर, कछार, कल्मीपारा, सिलयारीपारा, जुनापारा, तिलाईडांड, डुगुपारा, टुंगुमाड़ा, छिर्रापारा, मछलीबाटा, कोरियाघाट, धनगांव, डोंगाघाट, नरमदा, औराकछार, सोनगुड़ा, जेल गांव, झाबू, नवांगांव, तिलसाभाटा, लोतलोता, स्याहीमुड़ी, कोडा, हथमार, झोरा, सिरकीकला आदि शामिल हैं।
नागरिकों से अनुरोध है कि बाढ़ चेतावनी का कड़ाई से पालन करें और अपनी संपत्तियों को तत्काल सुरक्षित करें। बांध प्रबंधन स्थिति पर लगातार निगरानी रख रहा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















