तेज रफ्तार कार की पुल से टक्कर: दो की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल

कवर्धा । शुक्रवार सुबह पंडरिया थाना क्षेत्र के रहमान काँपा के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पुल के सुरक्षा घेरे से टकरा गई, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा सुबह करीब 6 बजे हुआ, जब मऊ (मध्यप्रदेश) से राजिम (छत्तीसगढ़) जा रही कार का चालक नियंत्रण खो बैठा। जोरदार टक्कर के कारण दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया और घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।

पंडरिया थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायलों का इलाज शुरू करवाया। पुलिस का कहना है कि मृतकों और घायलों की पहचान की जा रही है।

प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।