खरमोरा में नशेड़ी की बर्बरता, बेल्ट से दो युवकों की बेरहमी से पिटाई, आरोपी गिरफ्तार

कोरबा। खरमोरा क्षेत्र में नशे में धुत एक व्यक्ति ने दो युवकों पर बेल्ट से बेरहमी से हमला कर दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, यह घटना 2 अक्टूबर को खरमोरा में हुई। नशे में चूर आरोपी ने लगभग आधे घंटे तक दो युवकों की बेल्ट से पिटाई की, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।

पीड़ित युवक ग्रामीण क्षेत्र के निवासी हैं और वे हाथ जोड़कर रहम की भीख मांगते रहे, लेकिन आरोपी ने उनकी एक न सुनी और लगातार हमला करता रहा। पीड़ित अपनी जान बचाने के लिए भागते रहे, जबकि आरोपी उनका पीछा कर हमला करता रहा।

घटना के दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने हस्तक्षेप करने के बजाय वीडियो बनाया, जो बाद में इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो गया। वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया और कुछ ही घंटों में जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया है। क्षेत्र में नशेड़ियों की बढ़ती हरकतों से स्थानीय लोग परेशान हैं और इस घटना ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।