उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति किया गया जागरूक
कोरबा। उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों से अवगत कराने और अनुचित व्यापार व्यवहार, धोखाधड़ी व शोषण से बचाने के उद्देश्य से कोरबा जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग ने कोरबा ब्लॉक के ग्राम दोंदरो में उपभोक्ता जागरूकता शिविर का आयोजन किया।
छत्तीसगढ़ राज्य उपभोक्ता आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक माह ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाले इस शिविर में आयोग की अध्यक्षा रंजना दत्ता, सदस्य ममता दास और पंकज कुमार देवड़ा ने ग्रामीणों को उपभोक्ता कानूनों, ई-फाइलिंग, और ई-हियरिंग की सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया।


शिविर में उपभोक्ताओं को बैंक, बीमा, फसल बीमा, बैंक फ्रॉड, वित्तीय धोखाधड़ी, और ऑनलाइन खरीदारी से संबंधित उनके अधिकारों की जानकारी दी गई।
आयोग की अध्यक्षा ने बताया कि अब उपभोक्ता घर बैठे ही ई-फाइलिंग और ई-हियरिंग के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज कर सकते हैं और अपना पक्ष रख सकते हैं। अधिवक्ता संगीता चौहान और डाटा एंट्री ऑपरेटर मनीराम श्रीवास ने भी उपभोक्ता कानूनों की जानकारी साझा की।
ग्राम दोंदरो के सरपंच बंधन सिंह कंवर सहित अन्य नागरिकों ने ग्रामीणों से इस शिविर का लाभ उठाने की अपील की।
इस अवसर पर आयोग के कर्मचारी संजय शर्मा, राजेश्वर इंग्ले, नूतन राजपूत, ग्राम पंचायत के सदस्य, मितानिन, कोटवार, वरिष्ठ नागरिक, बालकों थाना के पुलिस कर्मी, और सैकड़ों महिलाएं व आम नागरिक उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने उपभोक्ता कानूनों, ई-हियरिंग, और ई-फाइलिंग से संबंधित सवाल पूछे, जिनका आयोग द्वारा समाधान किया गया।
यह शिविर उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















