कटघोरा।कोरबा जिले के कटघोरा जनपद की ग्राम पंचायत रंजना में 2 अक्टूबर 2025 को गांधी जयंती के अवसर पर पंचायत भवन में एक विशेष ग्रामसभा का आयोजन हुआ।
यह आयोजन महात्मा गांधी के अहिंसा और स्वावलंबन के सिद्धांतों को बढ़ावा देने के साथ-साथ छत्तीसगढ़ सरकार के ‘आदि कर्मयोगी अभियान’ को गति देने के उद्देश्य से किया गया।
कटघोरा विकासखंड की सभी 20 कर्मयोगी अभियान पंचायतों में आयोजित इस ग्रामसभा में 5 वर्षीय ‘विलेज एक्शन प्लान’ का वाचन हुआ, जिसमें बाल विवाह रोकथाम, शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर ध्यान केंद्रित किया गया। ग्रामीणों ने सक्रिय भागीदारी के साथ इस योजना को सर्वसम्मति से अनुमोदित किया।
साथ ही,मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रेरक संदेश का वाचन हुआ, जिसमें जनजातीय परिवारों को आवास, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी सुविधाओं से जोड़ने पर बल दिया गया।
ग्राम पंचायत अध्यक्ष व सरपंच श्रीमती ममता मरकाम ने कहा कि यह विलेज एक्शन प्लान गांव की समस्याओं के समाधान के साथ-साथ आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को साकार करेगा।
पंचायत सचिव हरि सिंह कंवर ने आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत की।
शिक्षक चमरा सिंह कैवर्त और प्रधान पाठक राजीव रामसागर पारा ने शिक्षा के महत्व पर जोर दिया, जबकि सक्रिय महिला श्रीमती मानकुंवर ओर्के और कृषि सखी श्रीमती बबिता मरकाम ने महिला सशक्तिकरण पर अपने विचार साझा किए। पंच राम सिंह राज सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक चले आदि कर्मयोगी अभियान का उद्देश्य जनजातीय क्षेत्रों में सेवा, समर्पण और सुशासन के माध्यम से योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करना है। यह ग्रामसभा गांधी जी के विचारों को जीवंत करने और सामुदायिक विकास में सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का एक उल्लेखनीय प्रयास साबित हुई।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















