मुड़ादाई तालाब में लायंस क्लब बालकोनगर का स्वच्छता अभियान: महापौर और आयुक्त ने की सफाई, स्वच्छता कर्मियों का हुआ सम्मान

कोरबा। महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के समापन दिवस पर लायंस क्लब बालकोनगर ने कोरबा के मुड़ापार स्थित मुड़ादाई तालाब में एक भव्य स्वच्छता अभियान आयोजित किया।

इस अभियान में कोरबा नगर निगम की महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत और आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए तालाब और उसके आसपास के क्षेत्र में सफाई कार्य किया।

लायंस क्लब के पदाधिकारियों, सदस्यों, नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों, सफाई मित्रों, स्वच्छता कामगारों और स्वच्छता दीदियों ने एकजुट होकर सफाई अभियान को सफल बनाया। अभियान के समापन पर लायंस क्लब बालकोनगर और नगर निगम कोरबा ने सफाई मित्रों, स्वच्छता कामगारों और दीदियों को सम्मानित कर उनके योगदान को सराहा।

महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने लायंस क्लब की प्रशंसा करते हुए कहा, “लायंस क्लब बालकोनगर सामाजिक कार्यों में सदा अग्रणी रहा है। इस स्वच्छता अभियान के लिए मैं क्लब के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को धन्यवाद देती हूं।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया स्वच्छ भारत मिशन देश में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय ने कहा, “स्वच्छता स्वस्थ जीवन की नींव है। गंदगी बीमारियों को जन्म देती है, जबकि स्वच्छता हमें रोगमुक्त और स्वस्थ रखती है।” उन्होंने सभी नागरिकों से शहर की गलियों, मोहल्लों और गांवों को स्वच्छ रखने में सहयोग करने की अपील की और कहा, “आइए, हम सब मिलकर कोरबा को स्वच्छ और सुंदर बनाएं।”

उन्होंने लायंस क्लब के प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि शहर की सभी संस्थाएं और नागरिक स्वच्छता के लिए निरंतर सहयोग करेंगे।

लायंस क्लब बालकोनगर ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छता को सामाजिक दायित्व मानकर अपने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में योगदान दें। क्लब ने कहा, “हम सभी संस्थाओं और नागरिकों के साथ मिलकर स्वच्छता के लिए कटिबद्ध हैं।”

कार्यक्रम में नगर निगम के अपर आयुक्त विनय मिश्रा, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय तिवारी, लायंस क्लब अध्यक्ष विक्रम अग्रवाल,डिस्ट्रिक्ट गवर्नर विजय अग्रवाल,एम.डी. माखीजा,रोहित असरानी,रितेश केडिया, अजय जायसवाल, कैलाश अग्रवाल,कुशाग्र अग्रवाल, लक्की सोनी, अतुल साह, सोनल साह,डॉ. बी.बी. बोर्डे,दीपक अग्रवाल, कैलाश गुप्ता, अनिल अग्रवाल,विजय सिंह,स्वच्छता निरीक्षक गिरवर विश्वकर्मा,पीआईयू पंकज गभेल,धनमोहन रात्रे,वरूण गोस्वामी सहित स्वच्छता कमांडो और सफाईकर्मी उपस्थित थे। यह अभियान स्वच्छ भारत मिशन के लक्ष्यों को साकार करने में महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।