बह्मनी नदी में मिला अज्ञात युवक का शव, पुलिस ने शुरू की शिनाख्त और जांच

कोंडागांव। जिले की बह्मनी नदी में बुधवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सुबह नहाने गए ग्रामीणों ने नदी में शव को औंधे मुंह तैरता देखा और तुरंत कोतवाली पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को नदी से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

कोतवाली थाना प्रभारी टामेश्वर सिन्हा ने बताया कि सुबह करीब 9 बजे ग्रामीणों ने नहाने के दौरान नदी में शव तैरता हुआ देखा। शव की उम्र लगभग 35 वर्ष प्रतीत हो रही है, लेकिन अभी तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है।

पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों और थानों में सूचना प्रसारित की है ताकि गुमशुदगी की किसी भी शिकायत से मृतक की पहचान हो सके।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं।

पुलिस का कहना है कि शिनाख्त और मौत के कारणों का खुलासा जल्द करने के लिए सभी संभावित दिशाओं में जांच की जा रही है।