बारिश ने डाला विजयादशमी में खलल, रावण के पुतले धराशाई, फिर भी उत्साह बरकरार

कोरबा। इस नवरात्रि और विजयादशमी पर्व के मौके पर बे-मौसम बारिश ने त्योहारी रंग में खलल डालने की कोशिश की, लेकिन कोरबा के लोगों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। मौसम विभाग की चेतावनी के अनुरूप रुक-रुककर मूसलाधार और मध्यम स्तर की बारिश ने विजयादशमी से ठीक एक दिन पहले रावण के कई पुतलों को धराशाई कर दिया।

बारिश के कारण रावण के पुतलों को फिर से बनाने और उन्हें भीगने व गिरने से बचाने की जद्दोजहद तेज हो गई है। कई जगहों पर रावण दहन की प्रक्रिया चुनौतीपूर्ण नजर आ रही है। असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक यह पर्व इस बार मौसम की मार झेल रहा है। बारिश का असर त्योहारी सीजन में दुकानदारों के कारोबार पर भी पड़ा है।

शहर से गांव तक उत्साह, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
मौसम की बाधाओं के बावजूद कोरबा जिले में शहर से लेकर ग्रामीण और उपनगरीय क्षेत्रों में विजयादशमी की धूम देखने को मिल रही है। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी उत्साह के साथ दुर्गा पूजा पंडालों में दर्शन करने और रावण के छोटे-बड़े पुतलों का अवलोकन करने पहुंच रहे हैं। रात में शुभ मुहूर्त में भगवान श्रीराम के प्रतीकात्मक स्वरूप के हाथों रावण दहन किया जाएगा। कुछ जगहों पर विशिष्ट और मुख्य अतिथियों द्वारा भी पुतले जलाए जाएंगे।

त्योहार के दौरान उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए जिला और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को चाक-चौबंद किया है।

यातायात पुलिस आवागमन को सुचारू बनाने में जुटी है, वहीं जिला पुलिस के साथ अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने कार्यपालक दंडाधिकारियों की ड्यूटी भी लगाई है ताकि किसी भी स्थिति से निपटा जा सके।

मौसम की चुनौतियों के बीच कोरबा में विजयादशमी का उत्साह और धार्मिक उमंग बरकरार है।