कोबरा बटालियन ने नाकाम की नक्सलियों की साजिश, जंगल से भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद

बीजापुर। जिले के पामेड़ क्षेत्र के ग्राम कंचाल के जंगल में कोबरा 208 बटालियन के जवानों ने नक्सल गश्त के दौरान एक बड़ी सफलता हासिल की है। जवानों ने नक्सलियों द्वारा जमीन में गड्ढा खोदकर छिपाई गई भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुओं को बरामद किया है।

यह सामग्री नक्सलियों ने किसी बड़े हमले की साजिश के लिए जमा की थी, लेकिन सुरक्षाबलों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई ने उनकी योजना को समय रहते नाकाम कर दिया।

बरामद सामग्री में गन पाउडर, बीजीएल सेल, कार्डेक्स वायर, बीजीएल राउंड, आरडीएक्स, इलेक्ट्रिक और नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, पटाखे, तीर बम, इम्प्रोवाइज्ड ग्रेनेड, बैरल में उपयोग होने वाले आयरन रॉड, आयरन चिमटा, कॉपर कटर, बैटरी, सोलर इन्वर्टर, लिथियम बैटरी, स्पूल वायर, कॉपर वायर, स्टील कंटेनर, प्लास्टिक ड्रम, स्टील पाइप, आयरन फाइल, स्टील प्लेट, नक्सली वर्दी, कोबरा पैटर्न की कॉम्बैट ड्रेस, पिटठू, रेड और हरा क्लॉथ, वेल्क्रो सहित अन्य सामान शामिल हैं।

इस कार्रवाई ने नक्सलियों के खतरनाक इरादों पर पानी फेर दिया। कोबरा बटालियन की इस सतर्कता ने न केवल एक संभावित बड़े हमले को रोका, बल्कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा को भी मजबूत किया। पुलिस और सुरक्षाबल अब बरामद सामग्री के स्रोत और नक्सली गतिविधियों की जांच में जुट गए हैं।

स्थानीय लोगों ने सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई की सराहना की और नक्सलवाद के खिलाफ कठोर कदम उठाने की मांग की है।